Jump Deposit Scam क्या है? UPI यूजर्स का पैसा कैसे उड़ाया जा रहा है

आज के समय में UPI ने पैसों का लेन-देन बहुत आसान बना दिया है और जितनी तेजी से डिजिटल भुगतान बढ़ा है, उतनी ही तेजी से ऑनलाइन ठगी के तरीके भी बढ़े हैं। इन्हीं में एक नया नाम है जंप डिपॉजिट स्कैम।

Jump Deposit Scam awareness image in Hindi showing a fake UPI collect request of Rs 5,000, a worried man, warning text about UPI fraud, and cybercrime helpline 1930.


यह धोखाधड़ी देखने में बहुत साधारण लगती है, लेकिन इसका तरीका काफी चालाक होता है। आपको यह दिखाया जाएगा कि आपके बैंक अकाउंट में पैसा आने वाला है या कोई छोटी अमाउंट क्रेडिट कर दी जाएगी। इसके बाद शुरू होता है सारा खेल फ्रॉड का। ठग आपको महसूस कराता है कि आपके खाते में पैसे आने वाले हैं, जबकि असल में वह आपसे ऐसा अनुरोध मंजूर करवा लेता है जिससे आपके ही खाते से पैसा कट जाता है।


जंप डिपॉजिट स्कैम क्या होता है

जंप डिपॉजिट स्कैम एक तरह की UPI ठगी है। इसमें ठग किसी न किसी बहाने से आपके मोबाइल पर एक भुगतान अनुरोध भेजता है। वह आपको समझाता है कि इस अनुरोध को स्वीकार करने पर आपके खाते में पैसा आएगा, रिफंड मिलेगा या कोई गलती से भेजा गया पैसा वापस हो जाएगा।

लेकिन सच्चाई यह होती है कि जैसे ही आप बिना ध्यान दिए उस अनुरोध को मंजूर करते हैं और अपना UPI पिन डालते हैं, आपके खाते से पैसा निकल जाता है। सीधी भाषा में कहें तो यह ऐसा जाल है जिसमें आपको “पैसे मिलने” का भ्रम दिया जाता है, जबकि वास्तव में आप “पैसे भेज” रहे होते हैं। 


यह स्कैम कैसे काम करता है

इस ठगी का तरीका आम तौर पर कुछ इस तरह होता है।

सबसे पहले ठग आपको फोन करता है या संदेश भेजता है। वह खुद को बैंक कर्मचारी, ग्राहक सेवा अधिकारी, डिलीवरी एजेंट, ऑनलाइन खरीदार या किसी कंपनी के प्रतिनिधि के रूप में पेश कर सकता है। फिर वह कोई बहाना बनाता है, जैसे:

आपको रिफंड देना है

कैशबैक भेजना है

गलती से आपके नंबर पर पैसा चला गया

आपका भुगतान अटका हुआ है

आपके खाते की जांच करनी है

इसके बाद वह आपके UPI ऐप पर एक Payment Request भेज देता है। फिर वह जल्दी-जल्दी बोलता है कि “इसे स्वीकार कर दीजिए”, “पिन डाल दीजिए”, “तभी पैसा मिलेगा” या “इसी से पैसा वापस आएगा”।

यहीं लोग सबसे बड़ी गलती कर देते है। जैसे ही UPI PIN ENTER किया जाता है तुरंत अकाउंट से पैसे कट जाते है।


लोग इस जाल में क्यों फंस जाते हैं

इस ठगी की सबसे बड़ी वजह है UPI के इस फीचर का पता नहीं होना। आमतौर पे ज्यादातर लोगों को इस बारे में मालूम नहीं कि UPI से पैसे भेजने के साथ साथ आप किसी को Payment Request भी भेज सकते है। जैसे ही सामने वाला इंसान आपकी अमाउंट रिक्वेस्ट पे क्लिक करेगा तो उसे सिर्फ अपना UPI पिन डालना होगा और अमाउंट ट्रांसफर। 

बहुत से लोगों को अब भी यह लगता है कि UPI पिन डालने से पैसा खाते में आता है। ठग इसी गलतफहमी का फायदा उठाते हैं। वे इतना दबाव बनाते हैं कि सामने वाला सोचने का समय ही नहीं लेता।


सबसे जरूरी बात: UPI पिन किस काम आता है

यह बात हमेशा याद रखिए ताकि आप ठगी का शिकार होने से बच सके।

UPI पिन पैसे पाने के लिए नहीं, पैसे भेजने के लिए होता है।

अगर कोई व्यक्ति आपसे कहे कि:

पैसा लेने के लिए पिन डालो

रिफंड पाने के लिए पिन डालो

कैशबैक के लिए अनुरोध मंजूर करो

खाते की जांच के लिए पिन बताओ

तो तुरंत समझ जाइए कि मामला संदिग्ध है।

सामान्य तौर पर अगर कोई व्यक्ति आपको पैसा भेज रहा है चाहे वो पैसा कैशबैक,रिफंड,या किसी प्रकार की अमाउंट हो आपको वो पैसा प्राप्त करने के लिए अपना UPI पिन कभी भी  UPI ऐप पर Enter नहीं करना है। अगर सामान्य शब्दों में कहे तो आपको पैसा लेने के लिए UPI पिन डालने की जरूरत नहीं होती है। UPI पिन डालने का मतलब है कि पैसा आपके अकाउंट से कट जाएगा।


एक आसान उदाहरण से समझिए

मान लीजिए आपको किसी अनजान व्यक्ति का फोन आता है। वह कहता है:

“भाई साहब, गलती से आपके नंबर पर 500 रुपये चले गए हैं, कृपया वापस कर दीजिए।”

थोड़ी देर बाद आपके UPI ऐप पर एक अनुरोध आता है। फोन पर वह कहता है कि “इसे स्वीकार कर लीजिए, तभी पैसा वापस हो जाएगा।”

आप बिना ध्यान दिए अनुरोध स्वीकार कर लेते हैं और पिन डाल देते हैं और यही आप शिकार हो जाते है ठगी का। यही से शुरू होता है जंप डिपॉजिट स्कैम का असली खेल।


इस स्कैम की पहचान कैसे करें

UPI  payment करते वक्त आपको हमेशा सावधान रहना चाहिए। यहां कुछ संकेत ऐसे बताएंगे कि जिनसे आप समझ सकते हैं कि मामला धोखाधड़ी का हो सकता है।

अगर कोई अनजान व्यक्ति अचानक पैसे, रिफंड, कैशबैक या गलती से ट्रांसफर की बात करे, तो सावधान हो जाइए।

अगर कोई जल्दी-जल्दी फैसला लेने का दबाव बनाए, तो शक कीजिए।

अगर सामने वाला बार-बार कहे कि “अभी करो”, “अभी पिन डालो”, “तभी पैसा आएगा”, तो रुक जाइए।

अगर स्क्रीन पर “पे”, “कलेक्ट”, “अप्रूव” या “रिक्वेस्ट” जैसे शब्द दिख रहे हों, तो बिना पढ़े कुछ भी मंजूर मत कीजिए।


इस स्कैम से बचने के आसान तरीके

ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए बहुत बड़ी तकनीकी जानकारी की जरूरत नहीं होती। बस कुछ छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

सबसे पहले, किसी भी भुगतान अनुरोध को ध्यान से पढ़ें।

दूसरा, अनजान व्यक्ति की बातों में आकर कभी भी पिन न डालें।

तीसरा, किसी भी रिफंड या कैशबैक के नाम पर आए अनुरोध को तुरंत स्वीकार न करें।

चौथा, अगर कोई कहे कि गलती से पैसा भेज दिया है, तो पहले बैंक या भुगतान ऐप की आधिकारिक सहायता सेवा से जांच करें कि पैसा आया है या नहीं। अगर आपके अकाउंट में पैसा सचमुच गलती से आ गया है तो जिस अकाउंट से पैसा आया है उसी अकाउंट में बैंक द्वारा या UPI द्वारा खुद वापिस भेजे बजाय किसी Amount Request को Accept करने के।

पांचवां, केवल फोन पर सुनकर कोई बटन न दबाएं, हमेशा स्क्रीन पर लिखा हुआ समझें।

छठा, अपना UPI पिन, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।


अगर आप ठगी का शिकार हो जाएं तो क्या करें

अगर गलती से आपने कोई Payment  Request  मंजूर कर ली और आपके अकाउंट से पैसे कट गए है, तो समय बिल्कुल बर्बाद न करें।

सबसे पहले अपने बैंक या भुगतान ऐप की सहायता सेवा से तुरंत संपर्क करें।

उसके बाद राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।

इसके साथ ही cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

लेन-देन की आईडी, स्क्रीनशॉट, कॉल रिकॉर्ड, चैट और ठग का नंबर सुरक्षित रखें।

जरूरत लगे तो UPI ऐप का पिन भी बदल दें।

ऐसे मामलों में जितनी जल्दी शिकायत की जाती है, पैसे को रोकने या ट्रैक करने की संभावना उतनी बेहतर हो सकती है। यानी पैसा वापिस मिलने की संभावना उतनी बढ़ जाती है।


निष्कर्ष

जंप डिपॉजिट स्कैम कोई साधारण ठगी नहीं है। यह लोगों की जल्दबाजी, भरोसे और जानकारी की कमी का फायदा उठाकर किया जाता है। 

इसलिए हर UPI उपयोगकर्ता को एक बात गांठ बांध लेनी चाहिए:

पैसे पाने के लिए पिन नहीं लगता, पैसे भेजने के लिए पिन लगता है।

अगर आप यह एक नियम याद रखेंगे, तो ऐसी कई ऑनलाइन धोखाधड़ी से खुद को बचा सकते हैं।


अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

1. जंप डिपॉजिट स्कैम क्या है?

यह एक UPI आधारित धोखाधड़ी है जिसमें यूजर को पैसे मिलने का भ्रम देकर उससे भुगतान अनुरोध मंजूर कराया जाता है और उसके खाते से पैसा निकाल लिया जाता है।

2. क्या पैसे पाने के लिए UPI पिन डालना पड़ता है?

नहीं, सामान्य रूप से पैसा पाने के लिए UPI पिन डालने की जरूरत नहीं होती। पिन का इस्तेमाल आमतौर पर पैसे भेजने के लिए होता है।

3. इस तरह की ठगी से बचने का सबसे आसान तरीका क्या है?

किसी भी अनजान अनुरोध को बिना पढ़े स्वीकार न करें और “पैसा लेने” के नाम पर कभी भी पिन न डालें।

4. अगर पैसे कट जाएं तो क्या करना चाहिए?

तुरंत बैंक से संपर्क करें, 1930 पर शिकायत करें और साइबर अपराध पोर्टल पर मामला दर्ज करें।





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ